जयपुर : लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बिठा लड़की को ले गए सुनसान जगह, बारी-बारी से तीन लड़कों ने किया दुष्कर्म

राजधानी जयपुर में एक बार फिर इंसानियत शर्मसार हुई जहाँ देर रात एक लड़की के साथ सुनसान जगह दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। यह घटना रविवार रात को हुई जब लड़की एक होटल से पार्टी करके लौट रही थी। इसके साथ ही पुलिस की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होते हैं क्योंकि लॉकडाउन में भी होटल में पार्टी हो रही थी एवं पुलिस गश्त के दौरान या नाकाबंदी में भी पुलिस ने गाड़ी को नहीं रोका। वारदात के बाद पीड़िता ने किसी तरह राहगीरों की मदद से भांकरोटा थाने पहुंची। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है।

पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह रविवार रात अपने एक दोस्त के साथ होटल में पार्टी करने गई थी। उसका दोस्त ज्योतिनगर का रहने वाला है। पार्टी के दौरान दोनों का आपस में झगड़ा हो गया। इसके बाद दोस्त उसे दौ सौ फीट बाइपास पर छोड़ कर चला गया था। वह कुछ देर वहां लिफ्ट का इंतजार करती रही। इसके बाद एक कार आकर रुकी, जिसमें 3 लड़के बैठे थे। उन्होंने लिफ्ट देने की बात कही। इसके बाद वह उनकी कार में बैठ गई। कार में बैठाने के बाद लड़के उसे एक सुनसान जगह पर ले गए। यहां बारी-बारी से तीनों बदमाशों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान विरोध करने पर उन्होंने मारपीट भी की। इसके बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर चले गए। रात करीब 3 बजे बदहवास हालत में पीड़ित किसी तरह से सड़क पर पहुंची। यहां उसने एक कार को रोका और अपने साथ हुई वारदात के बारे में बताया। इसके बाद कार सवार व्यक्ति ने उसे भांकरोटा थाने में पहुंचाया।