भरतपुर : प्रेम विवाह से नाराज थे लड़की के घर वाले, कोर्ट के बाहर ही कर डाली दामाद की पिटाई

प्रेम विवाह के बाद मैरिज रजिस्ट्रेशन के लिए कोर्ट में बयान देने आए एक युवक की उसके कथित ससुराल वालों ने कोर्ट के बाद पिटाई कर दी और कपड़े फाड़ दिए। इस दौरान उसकी पत्नी भी मौजूद रही। इधर, प्रेम विवाह करने वाली युवती सपना ने बताया उसने मर्जी से शादी की है। अब मेरे परिजन मुझे मारना चाहते हैं।
मथुरागेट थाना के एसआई अभिजीत कुमार ने बताया कि झगड़े के बाद समझाइश कर पुलिस लड़की को थाने लेकर आई है। लड़की अपने ससुराल जाना चाहती है, जबकि परिजन उसे अपने साथ ले जाना चाहते। इधर एडवोकेट मोहन लवानिया ने बताया है कि चिकसाना के आजाद नगर बावरिया बस्ती की सपना ने दीपू से प्रेम प्रसंग के चलते शादी कर ली और वह 3 माह की गर्भवती हो गई।लेकिन लड़की के परिजन इस शादी से खुश नहीं थे। आरोप है कि परिजन पैसे लेकर उसकी किसी बुजुर्ग से शादी करवाना चाहते हैं। इस पर पीड़ित ने पहले तो थाना चिकसाना में शिकायत की, लेकिन जब कार्रवाई नहीं हुई तो न्यायालय में गुहार लगाई। जिस पर न्यायालय ने शादी को वैध करार देते हुए प्रेमी जोड़े को साथ रहने की अनुमति दे दी। जिसके बाद लड़की जब प्रेमी के साथ जाने लगी तो लड़की के परिजन सहित भाई ने उसे गाड़ी से नीचे उतारकर खींच लिया, इस बीच मारपीट कर दी।