नौतपा के दौरान जयपुर समेत पूरे प्रदेश में इतनी गर्मी हो जाती हैं कि घर से बाहर तक निकलना मुश्किल हो जाता हैं। लेकिन इस बार मौसम मेहरबान दिखाई दे रहा हैं जिसमें राजधानी जयपुर के 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए जून महीने का सबसे सर्द आगमन हुआ हैं। यहां दिन का पारा 30.2 डिग्री रहा। इससे पहले 1 जून 2001 को 39.8 डिग्री था। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं।
जून के पहले सप्ताह में जहां औसत तापमान 43 डिग्री तक पहुंच जाता है, वहां इन दिनों महज इक्का-दुक्का जिलों में चालीस के पार पहुंच सका है। यहां तक कि बुधवार को कई जिलों में अच्छी खासी बारिश हुई है। सबसे ज्यादा बारिश सीकर में 20 मिमी दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव के चलते इस बार मानसून अपने निर्धारित समय से पहले राजस्थान पहुंच सकता है। आमतौर पर 25 जून तक मानसूम राजस्थान में आता है, लेकिन इस बार 17 से 20 जून के बीच मानसून के आने की उम्मीद है। इतना ही नहीं इस बार मानसून में अच्छी बरसात के संकेत भी मिल रहे हैं।