नागौर : टांके से बरामद हुआ चार बच्चों की मां का शव, पीहर पक्ष ने लगाए ससुराल वालों पर आरोप

नागौर के रोल थाना इलाके के ऐवाद गांव के पास रविवार सुबह तब सनसनी फैल गई जब टांके से एक विवाहिता का शव बरामद हुआ। घटना के बाद सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों में समझाइश करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सुपुर्द किया। को घर में झगड़े की बात भी सामने आई है। इससे तैश में आने के बाद विवाहिता के टांके में गिरने की बात भी है। हालांकि यह अभी प्राथमिक कारण है। इस मामले की पूरी हकीकत तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आएगी। वहीं मृतका ऐवाद निवासी यशोदा पत्नी चेना राम कुम्हार के भाई की रिपोर्ट पर ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव टांके में फेंकने का प्रकरण भी दर्ज किया गया है। मृतका चार बच्चों की मां थी। 3 लड़कियां व एक लड़का है। बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।

रोल थाना प्रभारी गणेश मीणा ने बताया कि गांव में एक विवाहिता का शव टांके से बरामद होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस जानकारी पर थाने से पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पीहर पक्ष को मौके पर बुलाया और दोनों पक्षों में समझाइश करने के बाद शव का पीएम करवाया। पुलिस के अनुसार मृतका यशोदा के भाई झाड़ीसरा निवासी देवकरण ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपियों की ओर से उसकी बहिन को दहेज की मांग को लेकर लंबे समय से परेशान किया जा रहा था। आरोपी बतौर दहेज पांच लाख की मांग कर रहे थे। जब उसकी बहन ने दहेज लाने से इनकार किया तो आरोपियों ने यशोदा का गला दबाकर हत्या कर दी और उसके शव को टांके में पटक दिया।