जोधपुर : घर की पहली मंजिल पर फंदा लगाकर किशोरी ने की खुदकुशी, 8वीं कक्षा की थी छात्रा

जोधपुर के कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड इलाके में रविवार को तब सनसनी मच गई जब सेक्टर 4 में रहने वाली एक किशोरी ने अपने घर की पहली मंजिल पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा 8वीं कक्षा की स्टूडेंट थीं। उसके खुदकुशी करने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने एम्स में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
थानाधिकारी जुल्फिकार अली ने बताया कि क्षेत्र के सेक्टर 4 में 13 साल की एक बच्ची के सुसाइड करने और परिजनों द्वारा उसे एम्स ले जाने की सूचना मिली थी। एम्स और मौके पर हालात देखने के साथ ही परिजनों से बातचीत में सामने आया कि रविवार को कनिष्का पुत्री चंद्रसिंह नहाने का कहकर घर की पहली मंजिल पर बने अपने कमरे में गई थी। काफी देर तक जब वो वापस नीचे नहीं आई, तो परिवार वालों ने उसे आवाज दी और जवाब नहीं मिलने पर छत पर जाकर देखा, तो वो कमरे में फंदे से झूलती मिली। इस पर परिजन उसे तत्काल नीचे उतारकर एम्स ले गए, लेकिन वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।