सीरिया: मशरूम चुन रहे 31 लोगों की मौत: ISIS पर लगे हत्या के आरोप

सीरिया के हमा शहर के रेगिस्तानी इलाके में मशरूम चुनने गए 31 लोगों की मौत हो गई। आतंकी संगठन ISIS पर इनकी हत्या के आरोप लगे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ISIS के हमले में मरने वालों में 12 सरकार के लड़ाके भी शामिल थे। जबकि बाकी 20 आम नागरिक थे। इस घटना की जानकारी ब्रिटेन के मानवाधिकार संगठन सीरियन ऑब्जर्वेटरी ने दी है। सीरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी सना ने भी इसकी पुष्टि की है। हालांकि, एजेंसी के मुताबिक ISIS के हमले में 26 लोग मारे गए हैं। मानवाधिकार संगठन ने ये भी बताया है कि एक अलग मामले में आतंकी संगठन ने 4 भेड़ चरा रहे लोगों की हत्या कर दी। वहीं, 2 को किडनैप कर लिया।

सीरियन ऑब्जर्वेटरी ने बताया कि मोटरसाइकिल पर आए जिहादियों ने ऑटोमेटिक राइफल से गडरियों के एक समूह पर हमला कर दिया। वो इनकी भेड़ चुरा ले गए और 2 लोगों को भी किडनैप कर लिया।

आपको बता दे, 12 साल से चल रही जंग ने सीरिया की अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया है। ऐसे में मशरूम के सहारे लोग अपे घर चलाने को मजबूर हैं। दरअसल, सीरिया के रेगिस्तानी मशरूम जिसे ट्रफल कहा जाता है, इसकी दुनिया में काफी मांग है। ये काफी कीमती भी होता है। यही वजह है कि सरकार की पाबंदी के बावजूद लोग अकसर इन्हें चुनने के लिए दूर-दराज के रेगिस्तान में चले जाते हैं। जहां ये ISIS के हमलों का शिकार बन जाते हैं। मानवाधिकार संगठन के मुताबिक ट्रफल चुनने के लिए फरवरी से अब तक 230 लोगों की मौत हो चुकी हैं। इनमें वो 15 लोग भी शामिल हैं जिनकी ISIS के लोगों ने मार्च में गर्दन काट दी थी।