शहर के जवाहर नगर थाना इलाके में एक कोचिंग छात्र के साथ साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है। यूपी के बहराइच का निवासी मनीष त्रिवेदी ने जवाहर नगर थाने में ठगी की शिकायत दी है। शिकायत में उसने बताया कि वो कोटा में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रहा है। 1 जनवरी को उसने ATM से पैसे निकाले थे। उसके अकाउंट से 1500 रुपये कट गए। इसकी शिकायत के लिए 3 जनवरी को कस्टमर केयर का नंबर अपने मोबाइल पर गूगल पर सर्च किया, जो कि वो ही नंबर निकला जो छात्र के एटीएम के पीछे लिखा था।
कस्टमर केयर से जवाब मिला कि एनीडेस्क मोबाइल एप्प डाउनलोड लेकर राशि निकाल लें। बात करने वाले ने बैंक कर्मी बनकर उससे ओटीपी नम्बर पूछे। उसकी बात में आकर ओटीपी नम्बर बताया। तो उसके अकाउंट से 99 हजार कट गए। उसी दिन दूसरी बार फोन किया तो अकाउंट से 41 हजार रुपये ओर कट गए। उसके अकाउंट से 3 जनवरी को दो बार में 1 लाख 40 हजार गायब हो गए।जवाहर नगर थाना सीआई रामकिशन मेघवाल ने बताया कि मनीष त्रिवेदी ने लिखित शिकायत दी है। जिसमें एक बार 99 हजार व दूसरी बार में 41 हजार अकाउंट से कटना बताया है। मामले की जांच की जा रही है।