मेरठ : मंडप से गायब हो गया 20 लाख के जेवरात से भरा बैग, जैसे तैसे पूरी हुई शादी की रस्म

उत्तरप्रदेश के मेरठ में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के एक विवाह मंडप में तब हडकंप मच गया जब 20 लाख के जेवरात से भरा बैग अचानक गायब हो गया।जैसे तैसे शादी की रस्म पूरी हुई। लड़की पक्ष की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक की, जिसमें वहीं काम करने वाला युवक बैग ले जाते हुए नजर आया। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

भगवतपुरा निवासी इंदरजीत की बेटी की बरात रविवार शाम दिल्ली से ब्रह्मपुरी स्थित मंडप में आई। बताया गया कि बरात ने मंडप में पहुंचते ही जेवरात से भरा बैग लड़की पक्ष को दे दिया। कुछ देर बाद अचानक बैग के चोरी होने का शोर मच गया। इस मामले में उस समय हंगामा हो गया, जब लड़के पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। सूचना पर ब्रह्मपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और लड़के पक्ष को शादी के लिए मनाया। सीसीटीवी फुटेज चेक की गई, जिसमें एक युवक वह बैग ले जाते हुए दिखाई दिया। लड़के वालों का कहना था कि बैग में करीब 20 लाख के जेवरात थे।