झारखंड : मानवता की मिसाल बने एसपी, सड़क दुर्घटना में घायल युवक की रक्तदान कर बचाई जान

झारखंड के पलामू जिले में सड़क दुर्घटना में एक युवक घायल हो गया जिसकी जान बचाने के लिए एसपी चंदन सिन्हा ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए युवक की रक्तदान कर जान बचाई। चंदन सिन्हा द्वारा रक्तदान अब पुलिस जवानों के लिए प्रेरणा बन चुका है। इसके बाद कई पुलिस के जवानों ने रक्तदान किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सभी पुलिस अधकारी ऐसे हो जाएं तो जनता की परेशानी खत्म होने में समय नहींं लगेगा। पुलिस ने जिस तरह से अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया उसे देखकर जिले के लोग उनकी सराहना कर रहे हैं। लोगों में पुलिस के जवानों के प्रति सम्मान की भावना बढ़ गई है।

जानकारी के मुताबिक, सलमान नाम का एक युवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था, जिसे ग्रुप-बी खून की आवश्यकता थी। ऐसे में घायल युवक के परिजनों ने रक्तदान करने के लिए सोशल मीडिया पर अपील की थी। एसपी चंदन सिन्हा ने सोशल मीडिया पर अपील वाली वीडियो देखी तो उन्होंने घायल युवक के लिए अपना रक्तदान करने का निश्चय किया। पलामू एसपी चंदन सिन्हा का भी ब्लड ग्रुप बी है। ऐसे में एसपी तुरंत अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने एक यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान के बाद एसपी ने कहा कि पलामू में आज के बाद कभी भी जिले में खून की कमी नहीं होगी।