अलवर : मौसी का फोन आने पर हुआ महिला की मौत का खुलासा, बच्चा बोला- मां तो लटकी हुई है

अलवर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां एक महिला का शव फंदे से लटका मिला हैं और इसके लिए मृतका के पिता ने दामाद के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया है। मृतका के दो बच्चे हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला की बहन ने उसके फोन पर कॉल किया। फोन महिला के 5 साल के बेटे ने उठाया। सामने से मौसी बोली- मम्मी से बात कराओ तो बेटा बोला- मां तो लटकी हुई है, पापा बैठे हुए हैं। पुलिस ने पीहर पक्ष से रिपोर्ट ली और मुकदमा दर्ज किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है। जल्दी मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रामगढ़ के निकच निवासी टीचर कंवरचंद ने बताया कि साल 2015 में उसने अपनी बेटी किरण की शादी अलवर शहर के शिव कॉलोनी निवासी उमेश से की थी। उमेश एसी मेकेनिक है। उस समय शादी में साढ़े 12 लाख रुपए खर्च किए थे। बेटी को सवा सौ ग्राम सोने के आभूषण व अन्य सामान दिया था। दामाद कुछ दिनों बाद से ही कार की मांग करने लगा। वह उनकी बेटी को परेशान करता था। कंवरचंद ने बताया कि सोमवार को उनकी दूसरी बेटी ने किरण को फोन किया था। तब किरण के 5 साल के बेटे ने कहा की मां लटकी है। सुनने में थोड़ा अजीब लगा तो बेटी ने इसकी जानकारी मुझे दी। इसके बाद हम अलवर के लिए रवाना हो गए। वहां पहुंचे तो बेटी की मौत का पता चला।