उदयपुर : चूहे को पकड़ने के लिए लगाया पिंजरा और फंस गया काला सांप, पिंजरे को पड़ा काटना

उदयपुर में आज एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां चूहे को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया था और उसमें काला सांप फंस गया फिर वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू टीम ने पिंजरे को काट सांप को जंगल में छोड़ा। मामला उदयपुर के एकलिंगपुरा का है। वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर के अध्यक्ष चमन सिंह ने बताया कि मानसून की दस्तक के साथ ही वन्यजीवों के बाहर निकलने का सिलसिला शुरू हो गया है। ऐसे में खुद सजग और सावधान रहने की जरूरत है।

एकलिंगपुरा में रहने वाले लक्ष्मण सिंह पिछले कुछ दिनों से घर में चूहों से परेशान थे। इसके बाद लक्ष्मण सिंह ने चूहे को पकड़ने के लिए एक पिंजरा भी लगाया था। इसमें चूहा तो नहीं फंसा, लेकिन ब्लैक कोबरा कैद हो गया। जिसे देख लक्ष्मण सिंह के परिजन भी हैरान रह गए। लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पिंजरा बंद होने के बाद हमने सोचा कि इसमें चूहा फंस गया है। ऐसे में हमने पिंजरा उठाया तो उसमें काला सांप बैठा हुआ था। उसे देख मेरे परिवार के लोग भी काफी डर गए और भागकर पिंजरे से दूर चले गए। पिंजरे में फंसे होने के बावजूद सांप फन फैलाकर बैठ गया। जिसे देख वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू टीम को घर बुलाया। इस दौरान एनिमल रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने कड़ी मशक्कत के बाद पिंजरे को काट कोबरा सांप को बाहर निकाल जंगल छोड़ दिया।