पिछले दो माह से शहर में स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का काम चल रहा है। अभी तक जगतपुरा-प्रतापनगर क्षेत्र में केवल 5500 मीटर ही लगे हैं, जबकि जुलाई तक शहर में कुल 2.50 लाख मीटर लगाने का टार्गेट है। अगर इसी रफ्तार से मीटर लगाने का काम चलता रहा तो तय समय में यह सभी मीटर लगना मुश्किल है। स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का काम बिजली विभाग ने एक फर्म को सौंप रखा है।
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का 195 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट है। मीटर लगाने व इनके मेंटिनेंस का काम भी संबंधित फर्म ही देखेगी। यह प्रोजेक्ट केंद्र सरकार का है जिसमें केंद्र 60 फीसदी व राज्य सरकार 40 फीसदी खर्च वहन करेगी। सबसे पहले जगतपुरा-प्रतापनगर में एक लाख मीटर लगाए जाएंगे। इसके बाद भांकरोटा, सांगानेर व झोटवाड़ा क्षेत्र में भी स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।स्मार्ट मीटर में यह सुविधा होगी
स्मार्ट मीटर लगने के बाद संबंधित उपभोक्ता चाहे तो अपने मोबाइल में भी बिजली रीडिंग देख सकता है। इसके लिए उपभोक्ता को बिजली मित्र एप डाउनलोड करना होगा। इस मीटर में प्री-पेड व पोस्ट-पेड कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
एसई आईटी एस.के. त्यागी ने बताया कि जुलाई तक 2.50 लाख मीटर लगा दिए जाएंगे। 20 हजार मीटर लैब में टेस्ट होकर आ गए हैं। अभी जगतपुरा-प्रतापनगर में लगाए जा रहे हैं।