बांसवाड़ा : शराब की लत में कैदी ने की भूख हड़ताल, 11 दिन से था भूखा, अस्पताल में हुई मौत

बांसवाड़ा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां एक कैदी की जान उसकी शराब की लत ने ले ली। 10 साल पुराने मामले में जेल में बंद शराबी कैदी शराब के लिए भूख हड़ताल पर था। 11 दिन भूखा रहने के बाद उसकी तबियत बिगड़ी और अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसे महात्मा गांधी गवर्नमेंट हॉस्पिटल (MGGH) में भर्ती कराया गया था। यहां से उदयपुर रेफर किया गया। रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद सेंट्रल जेल उदयपुर की पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। कैदी नीरू के टीबी होने की बात सामने आई है। हालांकि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगा। बांसवाड़ा सेंट्रल जेल के डिप्टी सुपरिनटैंडैंट मान सिंह ने कैदी नीरू की मौत की पुष्टि की। मामले में न्यायिक जांच की जा रही है।

दरअसल 6 अक्टूबर को नीरू (25) पुत्र धनजी को सदर थाना पुलिस ने स्थायी वारंटी के तौर पर पकड़ा था। उसने 7 अक्टूबर को जेल में जिंदा रहने के लिए शराब मांगी। जब उसे शराब नहीं मिली तो उसने खाना-पीना बंद कर दिया। इस बीच उसकी हालत बिगड़ती गई। लगातार 11 दिन तक कुछ नहीं खाने के कारण 17 अक्टूबर को उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। उसे MGGH अस्पताल लाया गया। इस दौरान वह चलते-चलते गिर रहा था। डॉक्टर को दिखाकर पुलिस कैदी को वापस सेंट्रल जेल ले गई। करीब 3 घंटे बाद उसकी हालत ज्यादा बिगड़ने लगी तो उसे दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। MGGH अस्पताल प्रशासन ने कैदी उसे 19 अक्टूबर को उदयपुर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।