झारखंड : मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, डूबने से हुई 7 लड़कियों की मौत, 3 एक ही परिवार से

झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में तब हडकंप मच गया जब मूर्ति विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसे घटित हुआ जिसमें डूबने से 7 लड़कियों की मौत हो गई जिनमें से 3 एक ही परिवार की थी। घटना सेरेगड़ा पंचायत के मननडीह ग्राम की है। दर्जनों लड़कियां करम की डाली बहाने मांडर गड़ा गई थीं। वहीं, एक लड़की की पैर फिसल गई, जिसे बचाने के लिए दूसरी लड़कियों ने हाथ आगे बढ़ाया और सातों लड़कियां एक के बाद एक पानी में डूब गईं।

सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। आसपास के ग्रामीणों ने सभी लड़कियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला, जहां चार युवतियां की मौत घटनास्थल पर हो चुकी थी, जबकि बची तीन लड़कियों ने बालूमाथ अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में सभी का रो-रोककर बुरा हाल है।

मननडीह में करमा पूजा मनाया जा रहा था। शनिवार को करमा पूजा विसर्जन करने गई लड़कियां मांडर गढ़ा में तालाब में बने गड्ढे में डूब गईं। जानकारी के अनुसार टोरी शिवपुर रेल लाइन निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार की ओर से रेल लाइन के बगल में गड्ढे खोदने के कारण ये घटना घटी है। मरने वालों में एक ही परिवार की तीन लड़कियां शामिल हैं। रेखा कुमारी, रीना कुमारी, लक्ष्मी कुमारी सगी बहन थीं। वहीं, सुनीता कुमारी, बसंती कुमारी, सुषमा कुमारी और पिंकी कुमारी की भी मौत हो गई। घटना पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया।