भीलवाड़ा : कॉल करने के बहाने मांगा फोन फिर पिस्टल दिखाकर 3 लाख की लूट

जिले में लूट के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं जहां बेखौफ बदमाश बंदूक की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इसका के मामला सामने आया गुरुवार शाम पथवारी तिराहे पर जहां बदमाश ने पहले तो कॉल करने के लिए मोबाइल मांगा और फिर पिस्टल दिखाकर 3 लाख रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गया। प्रारंभिक ताैर पर 3 लाख रुपए से भरा बैग लेकर सड़क किनारे खड़े हाेने के बाद किसी अनजान व्यक्ति से बातचीत कर उसे अपना माेबाइल फाेन दे देना पुलिस के लिए हालात संदिग्ध हाेने की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि पुलिस ये भी मान रही है कि बदमाश ने उसे झांसा देने के लिए झूठ बाेला हाे। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
थानाधिकारी महेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि गुलाबपुरा की भारत फाइनेंस कंपनी गुलाबपुरा का कर्मचारी सावंतगढ़ जिला बूंदी निवासी अमृत पुत्र सत्यनारायण किराड़ गुरुवार सुबह 8 बजे गुलाबपुरा से रवाना होकर आसींद में किस्तें कलेक्शन के लिए पहुंचा। यहां दिनभर कस्बे में किस्तें कलेक्शन करने के बाद शाम करीब 6 बजे ब्यावर-भीलवाड़ा मार्ग के पास पथवारी तिराहे पर पहुंचा। अमृत यहां अपनी बाइक खड़ी कर गोल गप्पे खाने लग गया। इस बीच एक युवक पल्सर बाइक पर वहां आया और फाइनेंस कर्मचारी अमृत से बातचीत करने लगा। अमृत के अनुसार बातचीत के दौरान ही उसने फाेन मांगकर बात की। बातों ही बातों में बदमाश अमृत को पिस्टल दिखाकर रुपए से भरा बैग तथा उसका मोबाइल फाेन छीनकर भाग निकला।