जयपुर : नशीला जूस पिलाकर महिला से दुष्कर्म, ब्लैकमेल कर कई महीनों तक देहशोषण

राजधानी जयपुर में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई जिसमें नशीला जूस पिलाकर महिला से दुष्कर्म किया गया और आपत्तिजनक फोटो खींच कई महीनों तक ब्लैकमेल करते हुए देहशोषण किया गया। इस संबंध में महिला ने जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के सांगानेर थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया है। वह LIC अभिकर्ता है और पिछले कुछ सालों से इंश्योरेंस का कार्य करती है। ASP नेमीचंद खारिया मामले की जांच कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार 40 साल की महिला सांगानेर इलाके में रहती है।

महिला ने पुलिस को बताया है कि करीब दो साल पहले उसकी भरतपुर के रहने वाले सोनू वैष्णव नाम के लड़के से मुलाकात हुई थी। तब उसने सोनू की इंश्योरेंस पॉलिसी की थी। तब उसने पीड़ित महिला के मोबाइल नंबर ले लिए थे। इसके बाद सोनू किसी ना किसी बहाने से उसे फोन कर परेशान करने लगा। महिला का आरोप है कि करीब 7-8 महीने पहले सोनू वैष्णव अचानक उसके घर पहुंच गया। वह अपने साथ जूस भी लेकर आया था। तब पीड़िता घर पर अकेली थी। महिला का आरोप है कि सोनू ने बातचीत के दौरान उसे नशीला जूस पिलाया। इससे वह बेहोश हो गई। तब सोनू ने महिला के साथ गलत काम किया। अपने मोबाइल फोन से आपत्तिजनक फोटो खींच ली। उन फोटो को वायरल करने की धमकी देकर देहशोषण करता रहा। उसने धमकी देकर प्रताप नगर में भी एक मकान पर बुलाया। वहां भी गलत काम किया। आखिरकार, महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई।