बांदीकुई में प्रियंका के साथ मिला सचिन पायलट का सुर, दोनों ने कहा जनता ऊब चुकी है, चाहती है परिवर्तन

बांदीकुई। लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार अभियान के तहत कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज सोमवार को दौसा के बांदीकुई में जनसभा की। यह जनसभा कांग्रेस प्रत्याशी मुरारीलाल मीणा के समर्थन में की गई। इस अवसर पर प्रियंका गांधी व सचिन पायलट ने एकसुर में भाजपा पर हमला किया। जहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, मुझे लगता है कि लोग ऊब चुके हैं और परिवर्तन चाहते हैं। जनता चाहती है कि उनकी समस्याओं का समाधान हो। बेरोजगारी, महंगाई बढ़ रही है।

वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी कुछ इस अंदाज में जनता में जोश भरते हुए कहा, पूरे प्रदेश में बदलाव का माहौल है। जनता ऊब चुकी है। इस चुनाव में कांग्रेस शानदार प्रदर्शन करेगी। हम भाजपा से ज्यादा सीटें जीतेंगे। दौसा कांग्रेस का गढ़ रहा है। दौसा लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी मुरारीलाल मीणा का भाजपा के कन्हैयालाल मीणा से सीधा मुकाबला है।

इस अवसर पर प्रियंका गांधी ने कहा चुनाव के समय मुझे लगता है कि जनता से सीधी और सच्ची बात करनी चाहिए। इसे समझने से आपका फायदा होगा। मोदी यहां आए, किसी ने भाषण सुना क्या? भाषण सबका सुनना चाहिए, तभी तो पता लगेगा कि कौन असली है या नकली। मैं उनका भाषण सुनती हूं। मुझे अब उनकी बातें हल्की लगने लगी हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि नोटबंदी से आपको कतार में खड़ा कर दिया।

किरोड़ीलाल मीणा पर सचिन पायलट ने निशाना साधते हुए कहा कि इस चुनाव से किसी का मंत्री पद नहीं जाएगा और मंत्री पद छोड़ना भी मत। बड़ी मुश्किल से मंत्री पद मिलता है।