पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं विधायक सचिन पायलट इन दिनों पूरी ताकत के साथ अपना दमखम दिखा रहे हैं। गुरुवार को मकर संक्रांति के दिन वे सीकर के रींगस पहुंचे। माहौल कुछ ऐसा था जैसे लोकसभा या विधानसभा चुनाव से पहले की राजनीतिक रैली हो। यहां शहीद महेश कुमार मीणा की प्रतिमा का उन्होंने अनावरण किया। इस सभा से सीएम अशोक गहलोत के खेमे के होश उड़े हुए हैं।
असल में पायलट जब रींगस पहुंचे तो मार्ग में उनका काफिला इतना बड़ा हो गया कि करीब चार सौ वाहनों का जैसे रोड शो बन गया। इस रोड शो में न केवल वाहन थे, बल्कि सड़क के दोनों और जनता का हुजूम उमड़ पड़ा था। यह बात दीगर है कि कोरोना का डर जैसे उनमें से किसी को था ही नहीं। पायलट लगातार मास्क लगाए हुए थे।पायलट के साथ 10 से 12 विधायक भी थे। पूरे मार्ग में जगह-जगह पायलट का जमकर स्वागत किया गया। फूल बरसाए गए। साफा पहनाया गया। सचिन पायलट का यह काफिला जयपुर से हरमाड़ा ,राजावास, रामपुरा ,जैतपुरा, चौमू, हाडौता उदयपुरिया मोड़ , गोविंदगढ़,सिंगोध, डोडसर, सरगोठ से होकर रींगस पहुंचा। सभी स्थानाें पर पायलट का जमकर स्वागत किया गया। पायलट जब रींगस पहुंचे तो बड़ी संख्या में बाइक भी इस काफिले में जुड़ गईं।