चित्तौड़गढ़ : दिनदहाड़े बैंक में घुसे 5 हथियारबंद डकैत, बंदूक दिखा 15 मिनट में लूटे 50 लाख

चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में शनिवार को दिनदहाड़े बैंक में लूट का मामला सामने आया जहां हथियार बंद 5 डकैतों ने बंदूक दिखाते हुए मात्र 15 मिनट में 50 लाख लूट लिए। सूचना मिलते ही पूरे इलाके में खलबली मच गई। मौके पर निम्बाहेड़ा पुलिस पहुंची और आरोपियों की पहचान करने में जुट गई। सूचना मिलते ही एसपी दीपक भार्गव भी मौके पर पहुंची हैं। बैंक में मौजूद लोगों से डकैतों के बारे में पूछताछ की है। लूट की जांच के लिए बैंक और उसके आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों के भागने के रास्ते पर लगे कैमरों की भी जांच की भी जांच की जा रही है। शहर में नाकाबंदी कर हर संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस के हाथ कोई जानकारी नहीं लगी है।

उदयपुर रोड के एक्सिस बैंक में शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे बाइक पर सवार होकर 5 डकैत आए। पांचों हथियार से लैस थे। बैंक में घुसते ही गार्ड, कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया। इसके बाद सीधे कैशियर के पास पहुंचे और 50 लाख ज्यादा रकम लेकर फरार हो गए। जाते-जाते डकैतों ने बैंक में आई एक महिला ग्राहक की 1 तोले सोने की चेन छीन ले गए। लूट के दौरान एक बदमाश ने बैंक के लोन ऑफिसर रॉबिन सिंह हाडा के सिर पर पीछे से बंदूक तान दी। इस दौरान रोबिन ने विरोध करते हुए बंदूक की नाल पकड़ ली। ये देख दूसरे बदमाश ने रॉबिन के सिर पर बंदूक की बट दे मारी। रॉबिन घायल हो गए, उन्हें उदयपुर रेफर किया गया है।