राजपरिवार की सदस्य पद्मिनी देवी का कल होगा ऑपरेशन, कंधे में हुआ फ्रेक्चर

जयपुर। जयपुर के पूर्व राजपरिवार की सदस्य और राजसमंद सांसद दीया कुमारी की मां पद्मिनी देवी के कंधे पर आई चोट का गुरुवार को ऑपरेशन किया जाएगा। अपने घर पर बाथरूम में गिरने के बाद मंगलवार देर शाम उनको जवाहर सर्किल स्थित ईएचसीसी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। जहां डॉक्टरों ने उनके कंधे के पास सर्जरी करने की सलाह दी है।

ईएचसीसी के सीनियर ऑर्थोपेडिक डॉ. राजीव भार्गव ने बताया कि उनके कंधे में चोट लगी है। अभी कंधे के आसपास थोड़ा दर्द है और तबीयत स्थिर है। कल यानी गुरुवार को उनका ऑपरेशन किया जाएगा। ऑपरेशन से संबंधित सभी जांचें कर ली है और सभी नॉर्मल आई है। उन्होंने बताया कि एक्स-रे करवाने पर पता चला कि उनके फ्रैक्चर हुआ है। ह्यूमरस बोन (कोहनी के ऊपर कंधे तक जाने वाली हड्डी) में कंधे के पास फ्रैक्चर हुआ है।

दिल की बीमारी का पहले से चल रहा इलाज

पद्मिनी देवी का पहले से दिल की बीमारी का इलाज चल रहा है। इसे देखते हुए मौके पर सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. संजीव के. शर्मा की टीम भी वहां पहुंची है। उनकी ECG समेत अन्य जांचें करवाई हैं। बताया जा रहा है कि उनको हार्ट संबंधी अभी कोई समस्या नहीं है। आज एनिस्थिया से संबंधित जांच करने के बाद उनकी गुरुवार को सर्जरी की जाएगी।