बाड़मेर : पहले सोशल मीडिया पर की दोस्ती फिर शादी का झांसा दे होटल में किया दुष्कर्म

सोशल मीडिया का सही उपयोग किया जाए तो यह बहुत उपयोगी साबित होता हैं। लेकिन कई लोग इसका दुरूपयोग करते हुए गलत काम को अंजाम देते हैं। मध्यप्रदेश के रतलाम निवासी एक युवती से सोशल मीडिया पर दोस्ती की गई और फिर शादी का झांसा दे दुष्कर्म किया गया। युवती ने इस मामले में पुलिस थाना स्टेशन रोड रतलाम से शून्य अपराध दर्ज करा और मामला बाड़मेर ट्रांसफर किया गया जो कि महिला थाना प्रकरण में दर्ज किया गया। मामले की जांच महिला सेल डीएसपी सीमा चौपड़ा मामले की जांच कर रही है।

युवती ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वो बीएससी सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही है। वो बाड़मेर निवासी सुमेरसिंह पुत्र भूरसिंह राजपुरोहित निवासी कानोडिय़ा पुरोहितान जोधपुर हाल निवासी बाड़मेर को कुछ समय से जानती है। सुमेरसिंह बाड़मेर में कार डेकोर की दुकान पर काम करता है।

सोशल मीडिया पर दोनों के बीच दोस्ती हुई थी, जिसके बाद सुमेरसिंह ने मोबाइल नंबर मांगे थे, इस पर उसने मोबाइल नंबर दे दिए। सुमेरसिंह ने शादी का बोला जिस पर युवती राजी हो गई। 11 मार्च 2020 को सुमेरसिंह ने उसे फोन कर बोला कि उसका भाई स्वरुप राजपुरोहित व उसकी भाभी बाड़मेर में ही रहते है, बाड़मेर आ जाओ शादी के लिए मिला देता हूं। इस पर वो 12 मार्च कोे बाड़मेर पहुंच गई। बस स्टैंड पर सुमेरसिंह इंतजार कर रहा था, इसके बाद उसे शहर की एक होटल में ले गया। जहां एक रूम में शादी का झांसा देकर उसके साथ चार दिन तक दुष्कर्म किया। जबकि शादी के लिए उसके भाई और भाभी से नहीं मिलाया। इसके बाद उसे डरा धमकाते हुए शादी से इनकार कर दिया। पुलिस ने इस पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।