जयपुर एयरपोर्ट पर नहीं हो पाया कोरोना रेपिड जांच सेटअप, दुबई के लिए शुरू होने वाली 3 फ्लाइटें हुई स्थगित

जयपुर एयरपोर्ट से दुबई जाने वाली फ्लाइट लंबे समय से स्थगित हैं। बुधवार से दुबई के लिए 3 फ्लाइट शुरू होने वाली थी लेकिन कोरोना रेपिड जांच सेटअप ना हो पाने की वजह से इन्हें अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया हैं। देश में लगभग सभी एयरपोर्ट्स पर कोरोना रेपिड जांच सेटअप की सुविधा शुरू की जा रही है। लेकिन फिलहाल जयपुर एयरपोर्ट पर यह सुविधा शुरू नहीं हो पा रही है।
यूएई ने 30 अगस्त से भारत समेत कई देशों के लिए टूरिस्ट वीजा की अनुमति दे दी थी। 1 सितंबर से जयपुर एयरपोर्ट पर भी दुबई के लिए 3 फ्लाइटें शुरू करने का शेड्यूल बना दिया गया था। यूएई ने दुबई में आगमन के लिए कई शर्तें जोड़ी हैं। जिनमें विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगे होने के साथ ही कोरोना की 48 घंटे तक पुरानी निगेटिव आरटी-पीसीआर टेस्ट रिपोर्ट होना जरूरी है। इसके साथ ही सबसे ज्यादा जरूरी है, फ्लाइट में बोर्डिंग से ठीक 6 घंटे अवधि की रेपिड पीसीआर टैस्ट की रिपोर्ट होना। यह टेस्ट रिपोर्ट एयरपोर्ट पर ही सैंपल लेकर की जाती है।