राजस्थान : फेसबुक पर वीडियो डालकर फंदे पर लटका युवक, बोला - पत्नी और ससुराल वालों को जेल करवा देना

राजस्थान के नागौर के खींवसर में एक युवक ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फांसी लगाने से पहले युवक ने वीडियो बनाया जिसको उसने फेसबुक पर पोस्ट किया है। इसमें कहा कि वो अपने ससुर और पत्नी से परेशान है। उन्हें जेल करवा देना। वो ससुराल वालों और पत्नी संगीता से दुखी होकर आत्महत्या कर रहा है। मृतक के भाई ने भी उसके ससुर और पत्नी पर परेशान करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। खींवसर CHC पर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

सेवाराम पुत्र चम्पाराम चौहान (42) निवासी पालड़ी हाल मुकाम खींवसर ने मंगलवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सेवाराम ने वीडियो में कहा कि वो अपनी पत्नी और ससुराल वालों से दुखी हो गया है। अब आत्महत्या करने जा रहा है। सब सुन लेना और ससुराल वालों को जेल करवा देना। मृतक सेवाराम के एक बेटा (10) और एक बेटी (8) है।

मृतक सेवाराम की पत्नी संगीता पिछले 3 साल से पीहर में ही रह रही है। वहीं, सामने आया है कि उसके ससुराल वाले आये दिन सेवाराम को धमकाते रहते थे। पत्नी संगीता को उसके पास नहीं भेज रहे थे। इससे वो काफी परेशान चल रहा था। आखिरकार दुखी होकर उसने सुसाइड कर लिया।

सेवाराम के भाई ओमाराम ने भी सेवाराम के ससुराल वालों और अपनी भाभी संगीता पर अपने भाई को परेशान करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।