राजस्थान: कोटा में घोड़ी पर तोरण मारने जा रहे दूल्हे पर चाकू से हमला, आरोपी फरार

कोटा जिले के देवली मांझी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दूल्हे पर उस समय चाकू से हमला कर दिया गया जब वह शादी की रस्में निभाने के लिए घोड़ी पर बैठकर तोरण मारने जा रहा था। यह घटना शुक्रवार देर रात की है। घायल अवस्था में दूल्हे को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हमला करने वाला युवक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अज्ञात हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में गांव के ही एक व्यक्ति पर शक जताया गया है। घटना के बाद बारात बीच रास्ते से लौट गई और विवाह की रस्में अधूरी रह गईं।

थानाधिकारी सुरेश मीणा ने बताया कि एक युवक पीछे से आया और दूल्हे पर चाकू से हमला कर दिया, जिसके बाद वह वहां से भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल दूल्हे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर थी और वह खून से लथपथ था। इस हमले के बाद विवाह की अन्य सभी रस्में रोक दी गईं। गांव के जिस व्यक्ति पर शक जताया गया है, वह भी अब अपने घर से फरार हो चुका है। ग्रामीणों का मानना है कि यह मामला किसी पुराने प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। दुल्हन के घर में भी इस अप्रत्याशित घटना से मातम और सन्नाटा छा गया है।

घटना की पृष्ठभूमि में बताया गया है कि बूंदी जिले के केशोरायपाटन के पास स्थित इंद्रपुरिया गांव से दूल्हा लक्ष्मी नारायण बैरवा की बारात कोटा जिले के देवली माझी थाना क्षेत्र के खातीखेड़ा गांव आई थी। शुक्रवार को ही दूल्हे की शादी खातीखेड़ा निवासी मीनाक्षी से होनी थी। देर रात लगभग 10 बजे बारात गांव में निकली थी। दूल्हा सबसे पीछे घोड़ी पर सवार था, जबकि उसके आगे दोस्त और रिश्तेदार नाच-गान कर रहे थे। तभी एक युवक अचानक दूल्हे के पास आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के तुरंत बाद वह फरार हो गया और बारात में अफरा-तफरी मच गई।