राजस्थान: 10 दिसंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होगी सोनिया गांधी, रणथंबोर में मनाएंगी जन्मदिन

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी गुरुवार की सुबह जयपुर पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से रणथंबोर पहुंचीं। वे आगामी 11 दिसंबर तक राजस्थान प्रवास पर रहेंगी। शुक्रवार 9 दिसंबर को रणथंबोर में सोनिया गांधी का जन्मदिन मनाया जाएगा और आगामी 11 दिसंबर को दोपहर 2:20 बजे इंडिगो फ्लाइट से वह दिल्ली लौट जाएंगी। इस बीच जानकारी मिली है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 9 दिसंबर को नहीं होगी। यह यात्रा आगामी 10 दिसंबर से फिर अपने कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी और इस दिन कांग्रेसी नेता सोनिया गांधी भी शिरकत कर सकती हैं। कांग्रेस सूत्रों की माने तो 10 दिसंबर को जहां राजस्थान में इस यात्रा में केवल महिलाएं ही चलने वाली हैं। उस दिन सोनिया गांधी भी इस यात्रा में शामिल होंगीं।

बता दें कि गुरुवार की सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रणथंबोर के शेरपुर हेलीपैड पर सोनिया गांधी का हेलीकॉप्टर उतरा। यहां पर प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट करके उनकी अगवानी की। इसके उपरांत एसपीजी की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कांग्रेसी नेता सोनिया गांधी रणथंबोर के होटल शेर बाग पहुंचीं। जहां होटल में भी राजस्थानी शाही अंदाज में सोनिया गांधी का भव्य तथा अद्भुत स्वागत सत्कार किया गया।