कोरोना के बढ़ते खतरों के बीच इन राज्य कर्मचारियों को मिली बढ़ी राहत, 5% DA में हुआ इजाफा

कोरोना वायरस (Coronavirus) के बढ़ते खतरों के बीच राजस्थान की गहलोत सरकार (Gehlot Government) ने राज्य कर्मचारियों को बड़ी राहत प्रदान की है। राज्य कर्मचारियों के DA में 5% की बढ़ोतरी की है। बढ़ा हुआ DA 1 जुलाई 2019 से मिलेगा। जुलाई 2019 से फरवरी 2020 तक डीए जीपीएफ में जमा होग। मार्च से डीए का नगद भुगतान किया जाएगा। सरकार के इस कदम से करीब साढ़े आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को फायदा मिलेगा। इस बढ़ोतरी के बाद राज्य कर्मचारियों का डीए 12 बढ़कर 17% हो गया है। राज्य के वित्त विभाग ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कर्मचारियों की डीए बढ़ाने की बजट घोषणा को अमली जामा पहनाते हुए इसके आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। बता दे, राज्य सरकार के इस फैसले से राजकोष पर करीब 400 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार पड़ेगा।

केंद्र सरकार ने करीब 9 महीने पहले ही केन्द्रीय कर्मचारियों का DA बढ़ा दिया था। लेकिन राज्य सरकार ने अपनी माली हालत को देखते हुए DA बढ़ाने के आदेश जारी नहीं किये थे। अब सरकार के इस आदेश से कर्मचारियों को 8 महीने का एरियर मिलेगा। 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को डीए का नगद भुगतान होगा। जबकि 2004 से पूर्व नियुक्त कर्मचारियों का डीए जीपीएफ में जमा होगा।

कर्मचारी वर्ग ने गहलोत के इस निर्णय का स्वागत किया है। कर्मचारी महासंघ एकीकृत के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि कोरोना वायरस के संकट के बीच सरकार ने डीए बढ़ाने के आदेश जारी कर कर्मचारी वर्ग को बड़ी राहत प्रदान की है।