बूंदी: बिंदोरी में डीजे पर डांस को लेकर हुआ झगड़ा, युवक पर चाकू से हमला

बूंदी शहर में मंगलवार रात डीजे पर नाचने को लेकर एक बार फिर विवाद देखने को मिला। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक के कंधे से लेकर नीचे तक गहरा जख्म हो गया, जिसमें 11 टांके लगे हैं। पुलिस ने घायल युवक के पर्चा बयान के आधार पर तीन से चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बिंदोरी में हुआ विवाद, एकराय होकर किया हमला:

कोतवाली थाने के एएसआई रामसिंह ने बताया कि देर रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि उन्दालिया की डूंगरी क्षेत्र में बिंदोरी के दौरान झगड़ा हुआ है, जिसमें एक युवक को चाकू मारा गया है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल आत्माराम पुत्र लड्डूलाल को अस्पताल पहुंचाया गया। युवक के कंधे से नीचे तक गंभीर घाव थे। डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी की और 11 टांके लगाए। घायल का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।