राजस्थान : प्रेमी को शक था कि प्रेमिका का दूसरे युवक से भी है अफेयर, तवे से काटा गला

राजस्थान के बाड़मेर में शादीशुदा प्रेमी ने शादीशुदा प्रेमिका की तवे से गला काटकर हत्या कर दी। युवक को शक था कि प्रमिका का किसी दूसरे युवक से भी अफेयर चल रहा था। महिला का पति के साथ झगड़ा चल रहा था, इसलिए वह पिछले काफी समय से पीयर में रह रही थी। महिला तीन बच्चों की मां थी।

बालोतरा शहर के हीरा बा की ढाणी स्थित एक मकान में 14 दिसंबर की सुबह महिला का शव मिला। बालोतरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। मृतका राणकी पत्नी पप्पाराम निवासी हीरा बा की ढाणी के गले से धारदार हथियार के निशान मिले। वहीं हर तरफ खून बिखरा हुआ था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया था। मृतका के भाई ने हत्या का मामला दर्ज करवाया था।

पुलिस की अब तक की जांच में पाया कि दोनों के पिछले तीन साल से अफेयर था। युवती पहले से युवक को जानती थी। जब भी वह पीहर आती, उससे मिलती थी। फिलहाल पति से नाराज महिला कई महीनों से पीहर में ही रह रही थी। ऐसे में दोनों रोजाना मिल रहे थे। इस बीच युवक को शक हुआ कि महिला किसी अन्य युवक से भी मिलती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। झगड़ा इतना बढ़ा कि वह महिला को धमकी देकर चला गया। बाद में रात में जब महिला अपने घर चली गई तब वह फिर लौटा। रसोई में रखा लोहे का तवा उठाया और गर्दन पर वार कर दिया। वार इतना तेज था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या से महज 5 घंटे पहले आरोपी युवक व युवती विश्नोई अस्पताल के पास मिले थे। इसका सीसीटीवी फुटेज पुलिस को बरामद हुआ है। इस दौरान दोनों के बीच में तू-तू-मैं-मैं हुई थी। उसी रात को युवक ने गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। बालोतरा थानाधिकारी बाबूलाल रेगर के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है। फ़िलहाल आरोपी फरार है। अवैध संबंध के शक के चलते हत्या की बात सामने आ रही है। आरोपी को पकड़ने के बाद ही सारी सच्चाई सामने आ पाएगी।