बारां: प्रेमी ने शक में विधवा का किया कत्ल, हत्या के 35 दिन बाद DNA सैंपल जांच में पकड़ा गया

बारां जिले के बापचा थाना क्षेत्र के कडैयाहाट गांव में 40 वर्षीय विधवा महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। महिला की हत्या 10 जून को की गई थी। हत्या के 35 दिन बाद यानी कल गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला का प्रेमी है। ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने 16 लोगों के DNA सैंपल की जांच कराई थी। रिपोर्ट आने के बाद गुरुवार को पुलिस ने आरोपी प्रेमी भरत कुमार (35) पकड़ लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि कई साल से महिला व भरत के बीच प्रेम संबंध है। भरत कुमार को शक था कि महिला किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क में है। ये बात भरत को नागवार गुजरी और उसने महिला को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने पत्थर या हथौड़े से महिला के चेहरे पर कई वार किए। जिससे उसकी मौत हो गई।

अकेली रहती थी महिला

महिला घर में अकेली रहती थी उसके पति की 3 साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उसके 4 बच्चे अलग घर में रहते थे। 10 जून को विधवा महिला का 1 दिन पुराना शव घर की छत पर लहूलुहान हालत में मिला था। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। एफएसएल की टीम व डॉग स्क्वायड ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। जिसमें शक की सुई संदिग्ध पर टिकी थी। महिला के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। 16 लोगों के DNA सैंपल करवाए। जिसमें महिला के शरीर पर मिले सबूतों से आरोपी प्रेमी का डीएनए मैच हुआ। जिसे गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और उसने सब कुछ बता दिया।