महाराष्ट्र: पुणे में बारिश से बड़ा हादसा, 20 फीट ऊंची दीवार गिरने से 4 बच्चों समेत 16 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के पुणे में बारिश आफत बनकर आई है। पुणे के तालाब मस्जिद इलाके में एक सोसाइटी की 20 फीट ऊंची दीवार मजदूरों के घर पर गिरने से 16 लोगों की मौत हो गई और 2 बुरी तरह घायल हो गए। बारी बारिश के चलते यह दर्दनाक हादस हुआ। दमकल विभाग के मुताबिक मरने वालों में 4 बच्चे भी शामिल हैं। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। राहत बचाव का काम जारी है। मौके पर एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई है। दीवार गिरने से कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि यह घटना देर रात हुई जब लोग गहरी नींद में थे।

मुंबई के चेंबूर इलाके में भी बीती रात दीवार ढह जाने की घटना हुई। देर रात दो बजे दीवार ढह जाने से अनेक रिक्शा गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड मलबा हटाने के लिए पहुंची। पुणे में अगले 4 दिन तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मुंबई समेत अन्य कोंकण क्षेत्र में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर के ऊपर मॉनसून का दबाव बना हुआ है जो अगले कुछ दिनों में भारी से अति भारी बारिश करा सकता है।

शुक्रवार को मुंबई में हुई तेज बारिश से जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई थी। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के एक प्रवक्ता ने कहा कि पश्चिमी उपनगर में दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। निगम अधिकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान अंधेरी (पूर्व) के निवासी काशिमा युदियार (60), गोरेगांव (पूर्व) से राजेंद्र यादव (60) और संजय यादव (24) के रूप में की गई।

मुंबई में शुक्रवार से बारिश हो रही है। बारिश की वजह से दादर, वडाला, वर्ली, कुर्ला, चेंबूर, बांद्रा, अंधेरी, कांदिवली, विक्रोली, कंजुरमार्ग और भांडुप जैसे इलाकों से जलभराव जैसी स्थिति बन गई। मौसम विभाग कहा है कि अगले 24 घंटों में मुंबई में भारी बारिश होने की संभावना है।