काबुल में हथियारों से दबाया जा रहा विरोध-प्रदर्शन, तालिबान ने महिला को बीच सड़क पर पीटा

तालिबान खुद को बदलने के कितने भी दावे कर ले लेकिन सच्चाई कुछ और ही है. तालिबान आज भी वैसा ही क्रूर और महिलाओं के खिलाफ दरिंदगी दिखाने वाला है जैसा 20 साल पहले था। अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद से आए दिन इसके सबूत सामने आ रहे हैं। इस बीच राजधानी काबुल में एक महिला को घेरकर पीट रहे तालिबानियों की एक और तस्वीर सामने आई है। ये महिला काबुल के करत-ए-चार इलाके में हो रहे प्रदर्शन में शामिल थी। इसी दौरान तालिबानियों ने इसे घेर लिया और लाठी-कोड़े बरसाने लगे।

तालिबानी सरकार के ऐलान से पहले ही अफगानी महिलाएं अपने अधिकारों के लिए प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन तालिबान उन्हें बंदूक के दम पर दबाने में लगा है। तालिबानी सरकार में किसी महिला को शामिल करना तो दूर बल्कि उन पर नई-नई पाबंदिया लगाई जा रही हैं। इससे महिलाओं की नाराजगी बढ़ रही है, लेकिन तालिबान कभी फायरिंग कर तो कभी कोड़े बरसाकर उन्हें रोकने की कोशिश कर रहा है। यहां तक कि पिछले दिनों तालिबान ने यह फरमान भी जारी कर दिया कि विरोध-प्रदर्शन से पहले इजाजत लेनी होगी और ये भी बताना होगा कि कौनसा नारा लगाने वाले है।