कोरोना वायरस : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी कराएंगे जांच

बीजेपी के सांसद दुष्यंत सिंह उत्तर प्रदेश स्थित उस पार्टी का हिस्सा थे, जिसमें बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर मौजूद थीं। इस पार्टी के बाद कनिका कपूर कोरोना संक्रमित पाई गई। कनिका कपूर के संक्रमित की पुष्टि होने के बाद दुष्यंत और उनकी मां, राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने खुद को आइसोलेट कर लिया। इतना ही नहीं इस पार्टी में शामिल होने के बाद दुष्यंत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा दी गई ब्रेकफास्ट पार्टी में शामिल हुए थे। इस पार्टी में राजस्थान और उत्तर प्रदेश के 96 सांसद शामिल थे। दुष्यंत सिंह ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मौजूदगी में हुई इस पार्टी में सभी सांसदों के साथ मेलमिलाप में शामिल रहे। इस मुलाकात में पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, हेमा मालिनी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा और सांसद मैरी कॉम मौजूद थीं। खबर है कि राष्ट्रपति कोविंद भी अब कोरोना वायरस की जांच कराएंगे। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जानकारी दी गई कि उनके सभी कार्यक्रम रद्द कर दिये गये हैं।

बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर के कार्यक्रम में शरीक होने के बाद भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह और उनकी मां एवं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खुद को घर में आइसोलेट करने की घोषणा की। वहीं इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ ब्रायन और अपना दल की अनुप्रिया पटेल शुक्रवार को सेल्फ आइसोलेट हो गये। डेरेक ओ ब्रायन ने दुष्यंत सिंह के सेल्फ आइसोलेट होने की खबरें आने के बाद ट्वीट कर कहा, 'यह सरकार हमें जोखिम में डाल रही है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि कि आप खुद को पृथक करें, लेकिन संसद चल रही है। मैं उसके अगले ही दिन दुष्यंत के बगल में ढाई घंटे तक बैठा था। दो और सांसद सेल्फ आइसोलेट हो गये हैं। सत्र स्थगित कर देना चाहिए।' सरकार की आलोचना करते हुए ओ ब्रायन ने कहा कि एक ओर तो वे (सरकार) सेल्फ आइसोलेट होने की बातें कर रहे हैं और वहीं दूसरी ओर वे संसद का सत्र जारी रखे हुए हैं। तृणमूल कांग्रेस सांसद ने कहा, 'संसद ने कोरोना वायरस संकट पर बमुश्किल चर्चा की है। लोकसभा और राज्यसभा ने कोविड-19 पर कुल समय के सिर्फ तीन प्रतिशत हिस्से तक ही चर्चा की है। क्या इस तरह से सरकार संकट के समय में भरोसा दिलाएगी? सत्र स्थगित किया जाए!'

बता दे, वहीं दुष्यंत बुधवार को परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति पर संसदीय दल की एक बैठक में भी शामिल हुए थे, जिसमें करीब 20 सांसद शरीक हुए थे। सूत्रों के मुताबिक लखनऊ में गायिका के साथ एक पार्टी में शरीक होने के बाद सिंह एक उद्योगपति से मिले और पूर्व सांसद के जन्मदिन की पार्टी में तथा अन्य कार्यकम में भी शामिल हुए।

बता दे, कनिका बॉलीवुड की पहली शख्सियत हैं जिनके देश में कोरेाना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। ऐसी खबरें हैं कि गायिक ब्रिटेन से लखनऊ आई थी और उनमें फ्लू जैसे लक्षण दिखने के बाद उन्हें शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।