अलवर : धुलंडी पर दिखी पुलिस की सख्ती, खुलेआम शराब पी रहे युवकों को धरदबोचा

बीते दिन धुलंडी पर शहर में रंगों से त्यौहार मनाया गया। शांति व्यवस्था स्थापित करने के लिए पुलिस तैनात रही और खुलेआम शराब पी रहे युवकों की धरपकड़ करती रही। कई थानों की पुलिस के अलावा खुद एसपी भी शहर में घूम रही हैं। कई जगहों से माहौल खराब करने वाले शराबी युवाओं को पकड़ा भी है। सुबह 11 बजे बाद एसपी तेजस्वनी गौतम भी कई जगहों पर पहुंची है। इसके बाद शहर के सभी थानों की पुलिस सक्रिय हुई है। अलवर शहर के अलावा कस्बे व गांवों में भी पुलिस ने कई जगहों पर यह कार्रवाई की है।

अलवर शहर कोतवाल ने बताया कि धुंलडी के दिन पुलिस गश्त पर है। कई जगहों से शराबियों काे पकड़ा भी है। यह पुलिस का काम है, ताकि माहौल शांतिपूर्ण बना रहे। शराब के नशे में सार्वजनिक जगहों पर मिलने वालों को पुलिस पहले भी पकड़ती रही है। अरावली विहार व एनईबी व शिवाजी पार्क पुलिस भी गश्त पर है। इन थानों की पुलिस ने भी कई जगहों से ऐसे शराबियों को पकड़ा है। जिनके बारे में पुलिस जानकारी भी कर रही है। कइयों को पुलिस थाने पर ला चुकी है। इनमें से काफी लोग नेता व अधिकारियों को फोन करके पुलिस के चंगुल से निकलने की कोशिश में भी लगे हैं।