कई लोग पुलिस के काम पर लापरवाही का लांछन लगाते हैं। लेकिन पाली में पुलिस के बेहतरीन काम का एक नजारा देखने को मिला जहां बाइक के बैग से 9 लाख रूपये ले जाने वाला बदमाश सिर्फ 6 घंटे में पकड़ा गया। घटना बुधवार दिन में 2 बजे की हैं जब पुराना बस स्टैंड इलाके में मकान निर्माण ठेकेदार घर के लाेन के रूप में कचहरी परिसर के सामने स्थित एक बैंक से राशि लेकर आया था और अपनी बाइक के साइड वाले बैग में रखे थे। बदमाश ने मौका देखते हुए वारदात को अंजाम दिया। एसपी कालूराम रावत ने बताया कि आराेपी विक्रमदास वैष्णव पुत्र कानदास निवासी शेखावत नगर पाली काे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9 लाख रुपए भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार आशापुरा नगर निवासी नियाज माेहम्मद मकान निर्माण की ठेकेदारी करता है, जबकि उसने प्लाईवुड की दुकान भी लगा रखी है। अपना घर बनाने के लिए उसने कचहरी परिसर के सामने स्थित बैंक ऑफ बड़ाैदा से 29 लाख रुपए का हाेमलाेन कराया। पहली किस्त के रूप में यह रकम निकाली थी। बैंक के बाहर रैकी कर रहा आराेपी पीछा करता-करता वहां पहुंच गया। पुराना बस स्टैंड इलाके में एक माेबाइल की दुकान के बाहर बाइक खड़ी कर ठेकेदार अंदर गया ताे आराेपी 9 लाख रुपए निकाल अपनी बाइक पर फरार हाे गया। पुलिस ने आराेपी काे 6 घंटे बाद ही रात 8 बजे गिरफ्तार कर लिया।
काेतवाल गाैतम जैन, एसआई मनाेज सामरिया, एएसआई भल्लाराम विश्नाेई, हैडकांस्टेबल ओमप्रकाश चाैधरी, कांस्टेबल रतनलाल, महेश व जितेंद्र बागाैड़ा माैके पर पहुंचे। महज 15 मिनट में ही सीसीटीवी फुटेज जुटाए और वायरल कर दिए। एसपी ने हैडकांस्टेबल ओमप्रकाश काे सराहनीय कार्य के लिए 2100 रुपए पुरस्कार दिया।