अलवर : सस्ता सोना बेचने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के एक महिला सहित चार सदस्य गिरफ्तार

अलवर में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली जहां पुलिस ने सस्ता सोना बेचने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया और गिरोह के एक महिला सहित चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार हुए लोगों में वाहन चालक हकमुद्दीन निवासी सोराई थाना लक्ष्मणगढ़ है। शौकीन, आमीन और महिला का नाम बीना है। जो जुरहरा भरतपुर के रहने वाले हैं। महिला को साथ रखने के पीछे मकसद रहता है कि किसी को शक नहीं हो। कई बार ऐसा भी होता है कि सोदा नहीं होता है तो महिला खरीददारों पर बलात्कार का आरोप लगा झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगा देती है। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह व्हाट्सअप के अलावा कई तरीकों से खुद के पास सोने की ईंट होने का दावा करते हैं। पैसे की जरूरत के कारण सस्ते में बेचने का लालच परोसते हैं। इसके बाद इनसे सम्पर्क करने वालों से ठगी करते हैं लेकिन, इस बार ये ठग पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

सहायक पुलिस अधीक्षक विकास सागवान ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि अलवर शहर के आसपास इलाके में कुछ लड़के मोबाइल से मैसेज कॉल कर सस्ता सोना बेचने का झांसा देकर ठगी की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिसकर्मी ही बाेगस ग्राहक बना। व्हाट्सएप चैटिंग कर संपर्क करने के बाद सोना खरीदना तय हुआ। पुलिसकर्मी ने मुखबिर के बताए मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप चैट पर सम्पर्क किया। इसके बाद इन ठगों ने बताया कि उनको खुदाई के दौरान सोना मिला है। उसे डर के कारण सस्ते दामों में बेचना चाहते हैं। नकली सोने की व्हाट्सअप पर फोटो भेजी। इसके बाद बातचीत के दौरान सोना खरीदने का सौदा तय किया। जैसे ही यह टीम सोना बेचने के लिए अलवर पहुंची। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जिसमें एक महिला भी है।