बिहार: दानापुर में 18 लोगों से भरी पिकअप गंगा में गिरी, 9 शव मिले

बिहार में शुक्रवार सुबह दानापुर में बड़ा हादसा हो गया। यहां, 18 लोगों से भरी पिकअप वैन गंगा नदी में गिर गई। हादसे के बाद SDRF की टीम ने 9 लोगों के शव नदी से बाहर निकाल लिए है। इनमें तीन बच्चे शामिल हैं। 2 लोग तैरकर बाहर आ गए। बाकी 7 की तलाश जारी है। सभी लोग आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे जो दियारा के अखिलपुर में तिलक समारोह में शामिल होकर दानापुर लौट रहे थे। शादी 26 अप्रैल को होनी थी।

शादी मदन सिंह के बेटे राकेश कुमार की थी। इसी को लेकर सामान के साथ घर के 12 सगे-संबंधी दानापुर पीपा पुल के रास्ते नासरीगंज आ रहे थे। इसी बीच गाड़ी पीपा पुल से अनियंत्रित होकर गंगा नदी में गिर गई। स्थानीय लोगों ने नाव के सहारे गाड़ी को निकालने का भरसक प्रयास किया लेकिन गाड़ी निकालने में नाकामयाब रहे।

इन लोगों की हुई मौत

मरने वालों में रामाकांत सिंह (66 वर्ष), अरविंद सिंह (50 वर्ष), गीता देवी (55 वर्ष), अनुरागी देवी (65 वर्ष), गायत्री देवी (50 वर्ष), सरोज देवी (50 वर्ष), आशीष कुमार (10 वर्ष), मधु कुमारी (14 वर्ष) और शिव कुमार (12 वर्ष) शामिल हैं। गाड़ी में राकेश कुमार नहीं था।

घटना की सूचना मिलने के बाद वह पीपा पुल के पास पहुंचा तो अपने संबंधियों की लाशें देखकर बेहोश हो गया। परिवार की बची महिलाएं भी वहां पहुंचते ही बेहोश हो गईं। CM नीतीश कुमार इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख का अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।

बताया जा रहा है कि पिकअप वैन पीपा पुल से गुजर रही थी, तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने नाव के सहारे गाड़ी को निकालने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुए। प्रशासन JCB की मदद से गाड़ी को निकालने में जुटा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। SDRF की टीम मौके पर पहुंचती इससे पहले ही स्थानीय तैराकों को पानी में डूबे लोगों की तलाश में लगाया गया।