महीने के 20 दिन में आज 15वीं बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, क्रूड ऑयल पहुंचा 85 डॉलर प्रति बैरल के पार

पेट्रोल-डीजल के दामों ने हाहाकार मचाया हुआ हैं जहां महीने के 20 दिन में आज 15वीं बार एक बार फिर इनके दामों में बड़ा इजाफा हुआ हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि लगातार इतने दिन तक दाम बढ़ रहे हों। इसकी वजह से आमजन के इस्तेमाल होने वाली हर चीज के दाम बढ़ रहे हैं और महंगाई ने लोगों को भूखा रहने पर मजबूर कर दिया हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमत हर दिन रिकॉर्ड तोड़ रही है। आज जयपुर में डीजल की कीमत में 38 पैसे और पेट्रोल की कीमत में 37 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। इसके बाद जयपुर में 1 लीटर डीजल 104 रुपए 58 पैसे, जबकि पेट्रोल 113 रुपए 38 पैसे की कीमत पर पहुंच गया है। ये दरें अब तक की सबसे अधिक हैं। केंद्र सरकार सेंट्रल एक्साइज और राज्य सरकार वैट के रूप में पिछले 18 महीने में कई बार वृद्धि कर चुके हैं। ऐसे में अब आम आदमी भी केंद्र सरकार से एक्साइज ड्यूटी में कटौती की उम्मीद कर रहा है। ताकि पेट्रोल डीजल के दामों में कमी आ सके।

85 डॉलर के पार निकला कच्चा तेल

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। ब्रेंट क्रूड का भाव 85 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। इससे पहले साल 2018 में कच्चा तेल 85 डॉलर के पार निकला था। ये 3 साल में कच्चे तेल का उच्चतम स्तर है। ऐसे में माना जा रहा है की पेट्रोल-डीजल के दामों में और ज्यादा बढ़ोतरी होने की सम्भावना बनी हुई है। दरअसल, कच्चे तेल के बाजार में इस दिनों जबरदस्त तेजी है। एक ओर कच्चे तेल की मांग बढ़ती जा रही है। दूसरी ओर इसकी सप्लाई का सही इंतजाम नहीं है। इसी वजह से कल अंतरराष्ट्रीय बाजार में बाजार डब्ल्यूटीआई क्रूड की कीमतें करीब ढ़ाई फीसदी चढ़ गई।