आंध्रप्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री पद के साथ पाँच कैबिनेट पदों की माँग कर सकते हैं पवन कल्याण, पार्टी ने चुना सदन का नेता

अमरावती। आंध्रप्रदेश के हाल ही में सम्पन्न हुए लोकसभा व विधानसभा चुनावों में अभिनेता ने नेता बने पवन कल्याण की पार्टी जन सेना पार्टी ने चन्द्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी व भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था, जहाँ उसे विधानसभा में 21 सीटें और लोकसभा की दो सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिला था। पवन कल्याण की पार्टी ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में शत प्रतिशत सफलता प्राप्त करके आंध्र प्रदेश की राजनीति में एक नया इतिहास लिख डाला।

अब जो समाचार आ रहे हैं उनके अनुसार पवन कल्याण आंध्र प्रदेश कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री पद की मांग करेंगे। वह अपनी पार्टी के लिए पांच कैबिनेट पदों की भी मांग करेंगे, क्योंकि तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं।

जनसेना पार्टी के विधायकों ने मंगलवार को पार्टी प्रमुख पवन कल्याण को आंध्र प्रदेश विधानसभा में सदन का नेता चुना। यह कदम एनडीए विधायकों की बैठक से पहले उठाया गया, जिसमें टीडीपी सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू को सदन में अपना नेता चुनने की बात कही गई थी।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि जनसेना तेनाली के विधायक एन मनोहर ने विधानसभा में सदन के नेता के रूप में पवन कल्याण के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका अन्य सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया।

175 सदस्यीय सदन में जनसेना के 21 विधायक हैं। एनडीए ने आंध्र प्रदेश में 164 विधानसभा सीटों (टीडीपी-135, जनसेना-21 और भाजपा-8) के साथ भारी जीत हासिल की।