राज्यसभा से पास हुआ जम्मू कश्मीर को 2 हिस्सों में बांटने वाला बिल, पक्ष में 125 व विपक्ष में पड़े 61 वोट, शाह ने कहा- इसे बनाएंगे विकसित राज्य

राज्यसभा में सोमवार को गृहमंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद 370 को हटाने का प्रस्ताव पेश किया। इसके अलावा राज्य के पुनर्गठन का प्रस्ताव भी पेश किया गया। जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन बिल पर भी राज्यसभा में वोटिंग हुई। पुनर्गठन बिल के पक्ष में 125 वोट पड़े जबकि विपक्ष में 61 वोट पड़े। मशीन में तकनीकी परेशानी के चलते सभी सदस्यों को पर्ची बांटी गई। इस विषय पर दिनभर विपक्ष का जोरदार हंगामा भी देखने को मिला। अब लोकसभा में मंगलवार को इस बिल और संकल्प पर चर्चा होगी। अमित शाह ने कहा जम्मू-कश्मीर को सबसे विकसित राज्य बनाएंगे। वो हमेशा केंद्र शासित प्रदेश नहीं रहेगा। हालात सामान्य होने पर फिर से पूर्ण राज्य बनाएंगे।

बता दे, मोदी सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर पर लिए ऐतिहासिक फैसले का कांग्रेस, राजद समेत विपक्ष की कई पार्टियां विरोध कर रही हैं। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद गुलाम नबी आजाद ने कहा कि भाजपा ने आज संविधान की हत्या कर दी है। गुलाम नबी आजाद ने कहा आज का दिन भारतीय इतिहास का काला दिन है। संसद के बाहर बोलते हुए कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पिछले 70 वर्षों में कश्मीर में लाखों लोगों ने कुर्बानियां दी। जब-जब भी राज्य में आतंकवाद का बोलबाला रहा तब भी उन्होंने लड़ाई लड़ी। कश्मीर की आवाम और मुख्यधारा की राजनीतिक पार्टियों ने आतंकवाद का भी मुकाबला किया। आतंकवाद का मुकाबला सुरक्षाबलों ने भी किया। बीजेपी की सरकार ने सत्ता के नशे में और वोट हासिल करने के लिए एक झटके में आर्टिकल 370 के साथ आर्टिकल 35A को खत्म कर दिया। इसके साथ खिलवाड़ कर यह बहुत बड़ी गद्दारी कर रहे हैं।