पुष्कर : भिखारियों का ऐसा आतंक कि यात्रियों का निकलना हुआ दुश्वार, बच्चों से जबरदस्ती मंगवाई जा रही भीख

तीर्थ नगरी पुष्कर को अपने पर्यटन और शांत माहौल के लिए जाना जाता हैं जहां पर्यटक बिना किसी परेशानी के घूमने निकल जाते हैं। लेकिन इस कोरोना में जहां कोरोना के कहर के चलते यात्रियों में कमी हैं वहीँ दूसरी ओर भिखारियों का ऐसा आतंक है कि यात्रियों का टहलने निकलना भी दुश्वार हो गया हैं। पुष्कर के अंदर बिना मास्क लगाए छोटे-छोटे मासूम बच्चे भीख मांग रहे हैं जिन्हें न कोई रोकने वाला न टोकने वाला। जिन बच्चो की खेलने कूदने ओर पढ़ने की उम्र है तो वही उनके परिजन जबरदस्ती इन मासूम बच्चों से भीख मंगवा रहे हैं।
ब्रह्मा मंदिर से लेकर ब्रह्मघाट पर काफी संख्या में यह छोटे-छोटे मासूम बच्चे विभिन्न वेशभूषा धारण करके यात्रियों से भीख मांगते नजर आ रहे हैं। वहीं भीख मंगवाने वाले उनके परिजन एक तरफ खड़े होकर उन्हें देखते रहते हैं तथा उन्हें गाइड करते हैं कि इस यात्री से जबरदस्ती भीख मांगे। यात्री जब तक इन्हें कुछ नही देता बच्चे उसे घेर लेते हैं और छोड़ते नहीं है।स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि यह काफी संख्या में आ रखे हैं तथा इनके परिजन भाई-बहन जबरदस्ती इनसे भीख मंगवा रहे हैं। परिजन और इनके जो भी रिश्तेदार होते वह एक तरफ खड़े रहते हैं। इन बच्चों से जब पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह कासगंज और अलीगढ़ से आए हैं और उनके माता-पिता जबरदस्ती भीख मंगवा रहे हैं। इनके आतंक से यात्री तो परेशान हैं साथ ही स्थानीय दुकानदार भी परेशान हो रखे है। दुकानदारों ने बताया कि यह बच्चे यात्री को दुकानों में भी नहीं घुसने देते हैं। जो सामान लेने आते तो जबरदस्ती उनको घेर कर भीख मांगते हैं। दुकानदारों ने प्रशासन और पुलिस से इनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।