
जयपुर: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भारतीय सेना के गौरव और आत्मबल को सम्मानित करने के उद्देश्य से भाजपा पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकालने जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को राजस्थान के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। इस यात्रा में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों के साथ-साथ प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी भी भाग लेंगे।
तिरंगा यात्रा के साथ भाजपा ‘सिंदूर यात्रा’ का आयोजन भी कर रही है, जिसका उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को विशेष रूप से जोड़ना और ऑपरेशन सिंदूर के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। खास बात यह है कि सिंदूर यात्रा का दायित्व पूरी तरह से भाजपा महिला नेत्रियों को सौंपा गया है और इसमें प्रदेशभर की महिलाओं को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
ज्ञात हो कि पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा महिलाओं के सिंदूर को अपमानित करने की घटना के बाद केंद्र सरकार और भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत निर्णायक कार्रवाई की थी। अब भाजपा इस अभियान की भावना को आमजन विशेषकर महिलाओं के बीच ले जाने के लिए ‘सिंदूर यात्रा’ शुरू कर रही है।
तिरंगा यात्रा के समन्वयक भूपेंद्र सैनी ने बताया कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकियों और उनके ठिकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। सेना की इस वीरता ने देश की माताओं और बहनों का सम्मान बढ़ाया है। इसी सम्मान को जनआंदोलन का रूप देने के लिए तिरंगा यात्रा के साथ-साथ सिंदूर यात्रा भी निकाली जाएगी। यह यात्रा प्रदेश के सभी संभागों, जिलों, नगर पालिकाओं, मंडलों और शक्ति केंद्रों तक पहुंचेगी।
भाजपा का उद्देश्य है कि इस यात्रा में प्रदेश की हर महिला की भागीदारी हो। सिंदूर यात्रा विशेष रूप से शाम के समय कैंडल मार्च के रूप में निकाली जाएगी, जो महिलाओं की एकता और सम्मान का प्रतीक बनेगी।
गांव-ढाणी तक पहुंचेगा तिरंगे का संदेश:समन्वयक भूपेंद्र सैनी ने बताया कि इस तिरंगा यात्रा को गांव-ढाणी तक पहुंचाया जाएगा ताकि भारतीय सेना का मनोबल और बलिदान हर कोने में महसूस किया जा सके। 17 मई को विशेष अभियान के तहत यह यात्रा एक साथ पूरे प्रदेश में निकाली जाएगी। इसमें सभी मंत्री, सांसद, विधायक और प्रदेश स्तरीय भाजपा नेता अनिवार्य रूप से शामिल होंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह तिरंगा यात्रा किसी राजनैतिक दल की नहीं है, बल्कि यह 140 करोड़ देशवासियों की भावना और गर्व का प्रतीक है।