सुस्त रहा संडे, सिर्फ 17 लाख लगे टीके; 21 जून को 90 लाख लोगों का हुआ था वैक्सीनेशन

21 जून को शुरू हुए कोरोना टीकाकरण के महा अभियान की रफ्तार रविवार को थम गई। cowin.gov.in के मुताबिक, रविवार रात 11:30 बजे तक पूरे देश में 17.05 लाख डोज ही लगे। यानी पिछले 6 दिन का एवरेज देखा जाए तो सिर्फ 25% ही वैक्सीनेशन हुआ। 21 जून के बाद से हर दिन एवरेज 66 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही थी। इससे पहले 21 जून को 90.86 लाख, 22 जून को 54.22 लाख, 23 जून 64.83 लाख, 24 जून को 60.73 लाख, 25 जून 61.20 लाख और 26 जून को 64.90 लाख टीके लगाए गए थे।

रविवार को राजस्थान में सबसे ज्यादा 2.51 लाख लोगों को टीका लगाया गया। इसके बाद गुजरात में करीब 2.25 लाख डोज लगे। इनके अलावा कोई राज्य 2 लाख का आंकड़ा नहीं छू पाया। वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड बना रहे मध्य प्रदेश और यूपी में रविवार को सिर्फ 12 और 10 हजार डोज लगाए गए।

देश में सिर्फ महाराष्ट्र और यूपी में 3 करोड़ से ज्यादा डोज लगाए गए हैं। महाराष्ट्र में यह संख्या 3.11 करोड़ और यूपी में 3.04 करोड़ है। चार राज्यों गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल में 2-2 करोड़ से ज्यादा टीके लगाए जा चुके हैं।

जुलाई में दिल्ली 45 लाख डोज की जरूरत

दिल्ली को वैक्सीनेशन की रफ्तार बनाए रखने के लिए जुलाई में 45 लाख डोज की जरूरत है। आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने रविवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने केंद्र को बताया है कि शहर को जुलाई में 45 लाख डोज चाहिए होंगे, ताकि मौजूदा वैक्सीनेशन रेट (1.5 लाख) बनी रहे। रविवार को दिल्ली में सिर्फ 9,558 डोज लगाए गए हैं।