सीकर : पकड़ा गया बाइक सवार से 5 लाख की लूट का आरोपी, 3 अभी भी फरार

फतेहपुर के रामगढ़ में बाइक सवार से पांच लाख रुपए की लूटने वाला एक बदमाश गिरफ्तार हो गया। पुलिस ने आरोपी को देवास से गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि जहां से बदमाश को पकड़ा वहीं नजदीक से पुलिस ने बोलेरो कैम्पर बरामद कर ली। इसी बोलेरो कैम्पर में बदमाशों ने बाइक सवार का पीछा कर रोलसाबसर में लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अब पकड़े गए बदमाश के तीन औैर ​साथियों की तलाश में जुटी है।
बता दें कि बाइक सवार धनराज रामगढ़ एक पेट्रोल पंप पर काम करता है। पेट्रोल पम्प संचालक ने धनराज से परिचित से पांच लाख रुपए लाने को कहा था। इसे लेकर धनराज बाइक पर ही जा रहा था। रोलसाबसर के नजदीक बोलेरो कैम्पर सवार बदमाशों ने उसे लूट लिया।

थानाधिकारी करण सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश रामगढ़ निवासी जसवंत शर्मा (26) है। दरअसल, लूट के लिए बदमाशों ने बोलेरो कैम्पर काम में ली थी। पीड़ित ने बोलेरो कैम्पर के नंबर देख लिए थे। इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार कुछ ही देर में मालूम कर लिया कि गाड़ी किसकी थी।पुलिस गाड़ी मालिक के पास पहुंची तो पता चला कि विकास गोदारा, अजीत बलोद बोलेरो कैम्पर लेकर गए थे। वहीं जसवंत भी उनके साथ था। इसकी जानकारी मिलने पर बदमाशों की जानकारी हाथ लग गई थी। अब उन्हें पकड़ने के लिए उनके ठिकानों की जानकारी हासिल करने के लिए जानकारों और दोस्तों से पूछताछ की गई। आखिरकार पुलिस को जानकारी मिली कि जिस नंबर की बोलेरो कैम्पर की पुलिस को तलाश है वह देवास में है और जसवंत भी वहीं है। पुलिस ने दो टीम लगाकर भेजा और जसवंत को पकड़ लिया। विकास और अजीत उर्फ जीतू के साथ ही एक और बदमाश की पुलिस को तलाश है।

जसवंत से पूछताछ के बाद सामने आया कि इसे वाहन को ठिकाने लगाने के लिए भेजा गया था, जबकि फरार तीनों बदमाशों के पास लूट के पांच लाख रुपए हैं। अब तीनों को पुलिस तलाश रही है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात से पहले बदमाशों ने बाइक पर रुपए लेकर जाने वाले धनराज की रैकी की थी।