सोमवार सुबह जिले के दूनी थाना क्षेत्र के जयपुर कोटा फोरलेन स्थित बंथली बाईपास पर एक भीषण सड़क हादसा देखने को मिला जिसमें डिवाइडर से टकराकर एक कार अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे में कैंपर सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तुरंत गाड़ी के पास पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। वहीं, घटना के दौरान कैंपर गाड़ी में रखा CCTV लगाने का सामान सड़क पर बिखर गया। घायल को दूनी में प्राथमिक उपचार के बाद टोंक रैफर कर दिया गया। वहीं, युवक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
घटना सुबह करीब 5 बजे की है। जहां एक कैंपर गाड़ी देवली की तरफ जा रही थी। इस दौरान गाड़ी असंतुलित होकर बंथली बाईपास के पास डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दौरान गाड़ी में सवार झुंझुनूं जिले के पिलानी के रहने वाले किशन लाल मेघवाल (28) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा कैंपर सवार प्रभू घायल हो गया। घायल प्रभू ने बताया कि वे कोटा में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम कर रहे हैं। सुबह वहां से वापस लौट रहे थे इस दौरान हादसा हो गया।