अंबामाता थाना पुलिस ने फार्म हाउस में घुसकर धमकी देकर रुपए लूटकर भागने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया। मामले में दो आरोपियों को गंगरार पुलिस ने पिस्टल के साथ पकड़ा है। वहीं मुख्य आरोपी फरार चल है। पुलिस के मुताबिक राजवीर पुत्र बलवीर शर्मा निवासी असंध करनाल हरियाणा ने मामला दर्ज करवाया कि ग्योग कैथल निवासी जोगेन्द्रसिंह, राहड़ा करनाल निवासी रामपाल राणा, मनोज, सोनू राणा उदयपुर शहर घूमने के लिए आए थे।
इस दौरान रुपए खत्म होने पर रामपाल का पहले से ही राजवीर के साथ परिचय होने पर अपने साथियों के साथ राजवीर के फार्म हाउस पर आया, जहां 25 हजार रुपए ले गया था। जाते समय विवाद होने पर पीड़ित ने अपने साथियों के साथ आरोपियों का पीछा किया। देबारी राेड पर लगे जाम में रामपाल की गाड़ी फंस गई थी, इससे पहले ही राजपाल गाड़ी से उतरकर फरार हो गया। इस दौरान जितेन्द्र जो गाड़ी से उतरकर जा रहा था तो उसे एक पुलिसकर्मी ने पकड़ा और पूछताछ करनी शुरू की।
इसी दौरान राजवीर पहुंच गया और बताया कि आरोपी जितेन्द्र व उसके साथी 25 हजार रुपए लूटकर जा रहे हैं। इस पर जितेन्द्र को प्रतापनगर थाने ले जाया गया। वहीं दो आरोपी सोनू और मुकेश को गंगरार में पुलिस ने नाकाबंदी में पकड़ लिया और आरोपियों से दो पिस्टल और कारतूस बरामद होने पर दोनों को गंगरार पुलिस ने आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया। जितेन्द्र पुत्र मामूराम राजपूत निवासी सिंघाणा सफीदो जींद हरियाणा को अंबामाता पुलिस ने गिरफ्तार किया।आरोपी को न्यायालय में पेशकर 7 जनवरी तक रिमांड पर प्राप्त किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि रामपाल और राजवीर पहले हरियाणा में एक साथ काम करते थे और करीब 6 माह पूर्व वहां से राजवीर उदयपुर आया था। यहां एक फार्म हाउस पर आयुर्वेद दवाइयों का काम करने लगा। अब रामपाल के पकड़ में आने ही पता चलेगा कि असली घटनाक्रम क्या था और विवाद क्यों हुआ था। पुलिस आरोपी जितेन्द्र से पूछताछ कर रही है।