गुरुवार-शुक्रवार PM राजस्थान में, चुनावी मंचों पर आमने-सामने होंगे राहुल गाँधी व मोदी

जयपुर। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए धुंआधार प्रचार कर रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज एक बार फिर से राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। आज मोदी करौली में सभा को सम्बोधित करेंगे। वहीं दूसरी ओर बेहद धीमी गति से अपनी पार्टी कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार कर रहे राहुल गाँधी भी आज राजस्थान दौर पर हैं। यह राहुल गाँधी की लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राजस्थान की पहली यात्रा है। राहुल गांधी बीकानेर लोकसभा के अनूपगढ़ और जोधपुर लोकसभा क्षेत्र के फलौदी में सभा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को भी प्रदेश दौरे पर रहेंगे। शुक्रवार को वे बाड़मेर में सभा और दौसा में रोड शो करेंगे।

धौलपुर - करौली की 8 विधानसभा सीट साधेंगे मोदी

करौली-धौलपुर सीट से भाजपा ने इस बार मनोज राजोरिया का टिकट काट कर महिला नेता को मैदान में उतारा है। पीएम मोदी का इस बार महिलाओं पर ज्यादा फोकस है। यह सीट 2019 में भाजपा करीब 98 हजार वोटों से जीती थी। पिछले साल विधानसभा चुनावों में इस लोकसभा की कुल 8 विस सीटों भाजपा को कांग्रेस के मुकाबले कम वोट मिले थे। ऐसे में भाजपा इस सीट को जीतने के लिए पीएम मोदी की यहां सभा करवा रही है।

राहुल गांधी के आगमन से भाजपा के वोटों पर पड़ेगा फर्क

जोधपुर लोकसभा सीट भाजपा दो बार से लगातार जीतती आ रही है। जोधपुर लोकसभा पूर्व सीएम अशोक गहलोत का गढ़ माना जाता है, लेकिन विधानसभा चुनावों में लोकसभा में भाजपा को यहां की आठ विधानसभा सीटों में 1 लाख 23 हजार वोट ज्यादा मिले थे। इसी तरह बीकानेर लोकसभा की आठ सीटों में भी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस करीब 60 हजार वोट कम मिले थे। पार्टी ने इस बार जोधपुर और बीकानेर में नए उम्मीदवार उतारे हैं।