ओडिशा: एक व्यक्ति ने बना डाला शादियों का रिकॉर्ड, अगल-अलग 7 राज्यों में की 14 शादियां; गिरफ्तार

ओडिशा से एक बेहद ही चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां, एक शख्स ने शादियों का रिकॉर्ड बना डाला। उसने मेट्रिमोनियल साइट का सहारा लेकर एक दो नहीं बल्कि 14 शादियां की, वो भी अगल-अलग 7 राज्यों में। इतना ही नहीं 48 साल के इस व्यक्ति पर आरोप है कि उसने इन महिलाओं से पैसे भी लिए। लिहाजा अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। शख्स खुद को डॉक्टर बताता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अपनी 14वीं पत्नी के साथ ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में रह रहा था। उसकी पत्नी दिल्ली में एक स्कूल में टीचर है। व्यक्ति की 14वीं पत्नी को इस बात की जानकारी हुई कि उसका पति पहले से ही 13 शादियां कर चुका है। इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

1982 में की थी पहली शादी

भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त उमाशंकर दास ने बताया कि आरोपी ने 1982 में पहली शादी की थी। और 2002 में दूसरी शादी कर ली। इन दोनों शादियों से उसके 5 बच्चे हुए। दास ने कहा कि 2002 और 2020 के बीच उसने मेट्रिमोनियल साइट का सहारा लेकर अन्य महिलाओं से दोस्ती की। और उनसे शादी भी की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के पटकुरा थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीसीपी दास ने कहा कि आरोपी 30 से 40 साल की उम्र की सिंगल महिलाओं को निशाना बनाता था। इसमें ज्यादातर तलाकशुदा महिलाएं थीं। बाद में उनसे पैसे ऐंठ लेता था। हालांकि आरोपी ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज किया है।