स्पाई बैलून के बाद अमेरिका में दिखा फ्लाइंग ऑब्जेक्ट, लड़ाकू विमानों ने मार गिराया

अमेरिका के मोंटाना शहर में 2 फरवरी को चीनी स्पाई बैलून नजर आया था। 5 फरवरी को अमेरिकी वायुसेना ने कैरोलिना तट के पास F-22 फाइटर जेट से इसे मार गिराया था। वहीं, अब शुक्रवार को अमेरिका के अलास्का के ऊपर एक फ्लाइंग ऑब्जेक्ट नजर आया जिसको लड़ाकू विमान ने मार गिराया। पेंटागन के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल पैट राइडर ने बताया कि F-22 फाइटर ने उस वस्तु को मार गिराने के लिए AIM-9X मिसाइल का इस्तेमाल किया। ये वही फाइटर जेट था, जिसका चीनी जासूसी गुब्बारे को मार गिराने में इस्तेमाल किया गया था।

नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने बताया कि यह 40000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। हालांकि, ये कहां से आया और इसका मकसद क्या था, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। इसका आकार पिछले जासूसी गुब्बारे से कम था। यह दिखने में एक छोटी कार जैसा था।

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक व्हाइट हाउस ने कहा कि एक अमेरिकी लड़ाकू विमान ने शुक्रवार को अलास्का के ऊपर एक अज्ञात वस्तु को मार गिराया है। चीनी जासूसी गुब्बारे के गिरने के ठीक छह दिन बाद इस तरह की दूसरी वस्तु आसमान में दिखी है। राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) के आदेश के बाद इसे शूट-डाउन कर दिया गया। व्हाइट हाउस राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं था कि नई वस्तु का उद्देश्य या उत्पत्ति क्या थी, लेकिन यह नागरिक उड्डयन के लिए खतरा था। यह वस्तु एक विशाल चीनी गुब्बारे से बहुत छोटी थी जो पिछले सप्ताह संयुक्त राज्य अमेरिका में मडरा रहा था।