सिंगापुर पहुंचे CM योगी, होटल के बाहर भव्य स्वागत, टेमासेक के चेयरमैन से की अहम बैठक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने विदेशी दौरे के पहले चरण में सिंगापुर पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट और होटल के बाहर भारी संख्या में लोग मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत करने पहुंचे। सीएम योगी के साथ इस यात्रा में 11 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में निवेश को आकर्षित करना और उद्योग को बढ़ावा देना बताया गया है।

यूपी में ₹1,000 करोड़ का टेमासेक निवेश

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने सिंगापुर में टेमासेक के चेयरमैन श्री टीओ ची हियान और उनकी टीम के साथ महत्वपूर्ण और परिणाममुखी बैठक की। बैठक में डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स हब, अक्षय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) और औद्योगिक बुनियादी ढांचे में संप्रभु निवेश के अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने वैश्विक निवेशकों के लिए राज्य की नीतियों और फास्ट-ट्रैक क्लीयरेंस की सुविधाओं को प्रमुखता से रेखांकित किया। टेमासेक अब यूपी में हॉस्पिटल और लॉजिस्टिक क्षेत्रों में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश कर रहा है।
मुख्यमंत्री का दूसरा विदेशी दौरा

मुख्यमंत्री के रूप में यह योगी आदित्यनाथ का दूसरा आधिकारिक विदेशी दौरा है। इससे पहले, 2017 में उन्होंने म्यांमार का दौरा किया था। जापान और सिंगापुर की कई कंपनियां पहले ही उत्तर प्रदेश में सक्रिय हैं, जिससे प्रदेश में मैन्युफैक्चरिंग और औद्योगिक निवेश में और तेजी आने की संभावना है।

सिंगापुर और जापान दौरे की रूपरेखा

सीएम योगी 23 से 26 फरवरी तक सिंगापुर और जापान के दौरे पर रहेंगे। 23 और 24 फरवरी को सिंगापुर में मुख्यमंत्री 25 प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। बैठक में मुख्य ध्यान लॉजिस्टिक्स और इंडस्ट्रियल पार्क, डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर, एग्रीबिजनेस, एविएशन इंजीनियरिंग, क्लीन एनर्जी, फिनटेक और स्टार्टअप, हॉस्पिटैलिटी, थीम पार्क और पूंजी निवेश पर रहेगा।

25 और 26 फरवरी को जापान दौरे के दौरान सीएम 8 प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे। इस दौरान फोकस सेक्टर में ऑटोमोबाइल निवेश और सप्लाई चेन, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन हाइड्रोजन, एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स, रियल एस्टेट और हॉस्पिटैलिटी शामिल हैं।