बीती रात नाईट कर्फ्यू और व्यवस्था को देखते हुए शहर के कई इलाकों में नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान कुछ आराजक तत्वों ने निर्भया स्क्वायड की महिला कर्मियों से बदसलूकी की। बदसलूकी और धक्का-मुक्की की घटना जयपुर शहर पुलिस कमिश्नरेट की निर्भया स्क्वायड टीम की दो महिला कर्मियों के साथ हुई। दरअसल, महिला कांस्टेबल प्रेमलता जाट और माया नववर्ष की पूर्व संध्या पर झोटवाड़ा इलाके के कालवाड़ रोड पर चित्रकूट कॉलोनी में गश्त करते हुए पहुंची। वहां कुछ युवकों द्वारा स्थानीय युवतियों से अभद्रता करने की सूचना मिली थी।
रिपोर्ट के मुताबिक दोनों महिला पुलिसकर्मियों ने वहां मौजूद आर्यन व अभिषेक को समझाने की कोशिश की तो दोनों लड़कों ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ ही धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने झोटवाड़ा थाने में सूचना दी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस दोनों आरोपी युवकों को पकड़कर ले गई।